एटा। थाना मलावन क्षेत्र में हाईवे पर गांव छछैना पुल के पास ट्रैक्टर की चपेट में आने से मजदूर की मौत हो गई। मजदूर फौजी ईंट भट्ठा अमांपुर से ईंट लेकर ट्रैक्टर-ट्रॉली के साथ छछैना गांव के पास आया था।
गांव अलीपुर थाना अमांपुर जिला कासगंज निवासी चमन ने बताया कि वह गांव छछैना के पास एक व्यक्ति के यहां फौजी ईंट भट्ठा से ईंट लेकर आए थे। उनके साथ ही गांव का ज्ञानेंद्र (18) भी मजदूरी करने आया था। ईंटें उतारने के बाद किसी तरीके से वह ट्रैक्टर की चपेट में आ गया। जिसके चलते वह गंभीर रूप से घायल हो गया, एंबुलेंस की मदद से मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। यहां चिकित्सक ने ज्ञानेंद्र को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस ओर परिजन पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंच गए। थाना प्रभारी नित्यानंद पांडेय ने बताया कि मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। तहरीर मिलती है तो रिपोर्ट दर्ज करते हुए जांच कर कार्रवाई की जाएगी।