शनिवार को जिला पंचायत की बैठक जिला पंचायत अध्यक्ष राजकिशोर की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में 20630 लाख रुपये की जिला विकास योजना प्रस्तावित की गई। इसे सदन की ओर से सर्वसम्मति से स्वीकृत किया गया।
बैठक में अलीगंज विधायक रामेश्वर यादव ने अधिशासी अभियंता नलकूप से जिले में संचालित नलकूपों की जानकारी मांगी गई। इस पर अधिशासी अभियंता ने सभी नलकूपों को सही बताया। इस पर विधायक ने अपनी नारजगी प्रकट की। मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र कुमार ने अधिशासी अभियंताओं को निर्देश दिए कि वे सभी नलकूपों की जांच कराकर दो दिन में उपलब्ध कराएं। इसके बाद कुछ जन प्रतिनिधियों ने विद्युत विभाग द्वारा निर्दोष लोगों के खिलाफ की जा रही कार्रवाई पर आक्रोश जताया। इस पर अलीगंज विधायक और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जुगेंद्र सिंह यादव ने अधिशासी अभियंता विद्युत ग्रामीण से ऐसा न करने की बता कही। इसके बाद जिला पंचायत में रिक्त चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के पदों की प्रतिपूर्ति आउट सोर्सिंग के माध्यम से किए जाने का प्रस्ताव सदन के समक्ष प्रस्तुत किया गया। वहीं अलीगंज स्थित जिला पंचायत की गौतम बुद्ध जूनियर हाईस्कूल की खाली पड़ी जमीन पर 24 दुकानें और बरातघर बनाने का प्रस्ताव पास किया गया। जिला पंचायत को इससे पांच लाख प्रतिवर्ष की आय होने का अनुमान है। विधायक अमित गौरव यादव टीटू, जिला पंचायत सदस्य हेमलता, जय देवी, रूमा देवी, सरला देवी, निरंजन सिंह, रामकिशन, वीरेश यादव, राजेश्वरी, कमलेश, शशांक यादव सीटू, रंजना राजपूत, सुखवेंद्र सिंह के अलावा ब्लॉक प्रमुख बजीर सिंह यादव, लालकांत यादव, अनिल यादव व मंजू देवी आदि लोग मौजूद थे।