मकान पर कब्जा होने पर धरना पर बैठे वकील के परिजन।
- फोटो : ETAH
एटा। कोतवाली नगर के मोहल्ला कटरा निवासी एक अधिवक्ता मंगलवार को परिवार सहित मकान पर कब्जा करने के विरोध में धरने पर बैठ गए। अधिवक्ता की ओर से भाजपा नेता पर मकान पर कब्जा करने का आरोप लगाया गया है और भू माफिया घोषित कर पुलिस और प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई जा रही है।
शासन की ओर से नियुक्त स्पेशल शासकीय अधिवक्ता एससी-एसटी कोर्ट राजेंद्र शर्मा का आरोप है कि भाजपा जिला उपाध्यक्ष और प्रांतीय संरक्षक संस्कार भारती अविनाश शर्मा उर्फ रामू भटेले ने महिला किराएदार रेखा शर्मा के माध्यम से मकान पर अवैध कब्जा कर लिया है। जबकि मामला न्यायालय में विचाराधीन है और हाईकोर्ट से यथा स्थिति बनाए रखने के आदेश भी हैं। अधिवक्ता राजेंद्र शर्मा अपने अधिवक्ता पुत्र वरूण शर्मा और पुत्री गरिमा शर्मा व अन्य परिजनों के साथ मंगलवार को मकान के सामने धरना प्रदर्शन लिखा बैनर लगाकर बैठ गए।
अधिवक्ता का आरोप है कि भाजपा नेता करोड़ों के मकान पर पुलिस व प्रशासन को गुमराह कर और अनैतिक दबाव बनाकर जबरन कब्जा करने में लगे हुए हैं। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर अशोक कुमार सिंह ने बताया है कि अधिवक्ता जिस मकान में रह रहे हैं वह तीन भाईयों का है। एक भाई की जमीन का बैनामा रामू भटेले ने अपने नाम करा लिया है। इस मकान मेें महिला रेखा शर्मा रहती हैं। अधिक्ता पूरे मकान को अपना बता रहे हैं। अदालत में मामला विचाराधीन है और मामला उच्चाधिकारियों के भी संज्ञान में है।