आंधी के कारण कई इलाकों में हाईटेंशन लाइनें टूट गई तो कई स्थानों पर विद्युत पोल गिर पड़े। जिसके चलते विद्युत आपूर्ति पिछले 24 घंटों से कई इलाकों में प्रभावित है।
नगर के आवास विकास इलाके में आंधी से हुए फाल्टों के कारण विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। दिन में भी विद्युत कर्मी फाल्ट सही करने में जुटे रहे। सांय के समय तक आपूर्ति सुचारु नहीं हो पाई। सबसे अधिक दिक्कत पानी को लेकर हुई है। वहीं नगर के गली झौरा भौरा क्षेत्र में रात्रि के समय से ही विद्युत आपूर्ति गुल हो गई और लोग परेशान होते नजर आए। सहावर में सेवनपुर पर तेज आंधी से पेड़ टूटकर हाइटेंशन लाइन पर गिर गए जिससे तेज फाल्ट के साथ हाइटेंशन लाइन टूट गई। जिससे आपूर्ति बाधित हो गई। कई विद्युत पोल भी गिर गए। पिछले 24 घंटों से आपूर्ति ठप है। पटियाली, ढोलना सहित अन्य इलाकों में विद्युत आपूर्ति ठप्प है। सहावर के अवर अभियंता दीप चंद्र ने बताया कि आंधी के कारण विद्युत आपूर्ति प्रभावित हुई है, जिसको सही कराया जा रहा है।