एटा। थाना कोतवाली देहात में गुड्डी देवी निवासी महावीरगंज थाना जलेसर ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। बताया कि दो अज्ञात व्यक्ति उसके बैग को बदलकर ले गए। बैग में तीन सोने की अंगूठी व एक चेन रखी हुई थी।
गुड्डी देवी ने बताया कि 3 नवंबर को वह भाई दूज पर्व मनाने अपने मायके जा रहीं थीं। कस्बे में ही निधौली चौराहे पर बस का इंतजार कर रहीं थीं। तभी लगभग 50 वर्ष की उम्र का एक व्यक्ति आया और बोला क्या आप एटा जाओगी। उसने एक लड़के को बुलाया जो कि बाइक लेकर आ गया। उस बाइक पर हम तीनों लोग बैठकर एटा के लिए निकल आए। रास्ते में ही मैंने अपने हाथों से तीन सोने की अंगूठी और गले से चेन उतारकर बैग में रख ली।
बाइक जैसे ही एटा शहर में असीसी कॉन्वेंट स्कूल के पास पहुंची, तो इन लोगों ने मुझे उतार दिया और अपना बैग मुझे दे दिया मेरा बैग खुद लेकर फरार हो गए। सीओ सिटी अमित कुमार ने बताया कि मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच-पड़ताल करते हुए आरोपियों की तलाश की जा रही है।