एटा। लूट की षड्यंत्र रचते चार आरोपियों को जलेसर पुलिस ने सोमवार की रात पकड़ा है। पूछताछ में आरोपियों ने पांच लूट की वारदातें करने का खुलासा किया। आरोपियों के पास से पुलिस ने चोरी व लूट के सात मोबाइल बरामद किए हैं। एसएसपी उदय शंकर सिंह ने बताया जलेसर पुलिस को सूचना मिली कि आगरा रोड पर पिलखुनी के पास खाली पड़े प्लॉट में कुछ शातिर लुटेरे लूट का षड्यंत्र रच रहे हैं। वह मंगलवार की सुबह साढ़े चार बजे मौके पर पर जाकर गांव वलीपुर उर्फ नगला वाले निवासी हरीसिंह, नरेंद्र सिंह, सत्य कपूर और सकरौली थाना क्षेत्र के गांव नगला उदी निवासी निक्की को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया 13 फरवरी 2021 को बड़े मियां दरगाह पर प्रवेश के दौरान एक श्रद्धालु की जेब से मोबाइल चोरी किया था। 9 मई 2022 को थाना क्षेत्र के निधौली रोड स्थिति एफसीआई गोदाम के सामने से एक मोटर साइकिल में रखे कपड़े और 850 रुपये सहित दो मोबाइल भी चुराए थे। 10 मई को अवागढ़ थाना क्षेत्र में बाइक सवार युवक का मोबाइल छीन लिया था। 11 मई को निधौली रोड एफसीआई गोदाम के पास से बाइक सवार युवक की एक मोपेड से दो थैले चुरा ले गए थे। जिसमें 1200 रुपये व एक मोबाइल मिला था। 13 मई को सादाबाद रोड पर एक व्यक्ति के सिर में सरिया से हमला कर मोबाइल फोन लूटा था।