जलेसर मुंसिफी कोर्ट के स्थानांतरण को लेकर विरोध तेज हो चला है। सोमवार को कलक्ट्रेट बार एसोसिएशन ने आम सभा आयोजित की। इस दौरान शासनादेश का स्थगन नहीं होने पर आक्रोश जताया गया।
आमसभा में बार अध्यक्ष रामेश्वर प्रसाद पचौरी और महासचिव राकेश यादव ने अब तक बार एसोसिएशन की ओर की गई कार्रवाई के बारे में बताया। हड़ताल को अनिश्चितकाल तक जारी रखने का एलान किया गया। अधिवक्ताओं का कहना था कि हड़ताल को लगातार 25 दिन होने के बाद भी सरकार की ओर से कोई सकारात्मक पहल नहीं की गई है। अगर सरकार का अड़ियल रवैया रहा तो हड़ताल उग्र होगी। उधर, हड़ताल के चलते जमानत और न्यायिक कार्य ठप पड़े हैं। इस मौके पर राधारमण वार्ष्णेय, पूर्व महामंत्री सुनील यादव, केपी सिंह यादव, राजेंद्र पाल सिंह पुंडीर, कुंवर सतेंद्र सिंह, राजीव यादव, विनोद यादव, पंकज गुप्ता, नीरज गुप्ता, महेश कुलश्रेष्ठ, सतेंद्र यादव, शिवराम सिंह यादव आदि रहे।
वहीं, जलेसर में मुंसिफ न्यायालय की स्थापना को लेकर तहसील अधिवक्ताओं की पिछले 23 दिनों से चल रही न्यायिक कार्यों की कलम बंद हड़ताल जारी है। अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष केपी सिंह यादव ने बताया कि प्रदेश के मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन फैक्स के माध्यम से भेजा गया है। ज्ञापन मे स्मरण कराया है कि चुनाव के दौरान जलेसर में मुंसिफ न्यायालय स्थापित करने की घोषणा की थी। ज्ञापन में चुनाव से पहले न्यायालय शुरु कराने की मांग की गई है। इसके बाद भी कोर्ट की स्थापना नहीं हुई तो उग्र आंदोलन होगा। सचिव युवराज सिंह, जे पी सिंह, राजेश शर्मा, एदल सिंह बघेल, माघवेन्द्र प्रताप सिंह, सन्तोष यादव, सुनील यादव, शाहनवाज खॉ आदि रहे।