ग्राम पंचायत चुनाव के तीसरे चरण में शनिवार को विकास खंड जलेसर और अवागढ़ में मतदान होगा। पहले और दूसरे चरण के बवाल के बाद प्रशासन इस बार अधिक सतर्क है। जलेसर के 188 बूथों में प्रशासन ने 35 बूथों को अति संवेदनशील की श्रेणी में रखा है। शेष सभी केंद्र संवेदनशील की श्रेणी में हैं। अवागढ़ ब्लाक में 194 में से 15 अति संवेदनशील प्लस, 39 अति संवेदनशील और शेष संवेदनशील की श्रेणी में चिंहित किए गए हैं।
सीओ राघवेंद्र सिंह चौहान के अनुसार विकास खंड जलेसर और अवागढ़ में अति संवेदनशील प्लस और अति संवेदनशील बूथों पर पीएसी और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। उन्होंने बताया कि उपद्रवियों को पुलिस द्वारा चिन्हित किया जा रहा है। मतदान से पूर्व उन्हें पुलिस की ओर से थाना परिसर में बैठाया जाएगा। चुनाव को लेकर किस गांव में हिंसा हो सकती है, इस पर भी पुलिस ने होमवर्क किया है। जलेसर में 57 ग्राम प्रधान और अवागढ़ में 54 ग्राम प्रधान पदों पर चुनाव हो रहा है। बता दें कि जिला पंचायत चुनाव से लेकर अब तक हुए ग्राम पंचायत चुनाव के मतदान में प्रशासन की खासी किरकिरी हो चुकी है।