मारहरा। गांव सराय जरेलिया स्थित राजकीय आईटीआई जाने वाला 1600 मीटर मार्ग कच्चा होने से छात्र और स्टाफ परेशान है। बारिश के दौरान मार्ग के गहरे गड्ढों में पानी पानी भर जाने से कई छात्र गिरकर चोटिल हो चुके हैं।
संपर्क मार्ग से आईटीआई की दूरी 400 मीटर है। यह मार्ग कचौरा रोड से जुड़ता है। मारहरा-पिवारी मार्ग और कचौरा मार्ग से छात्रों के लिए आईटीआई जाने को दो रास्ते हैं। आईटीआई के प्रधानाचार्य आशुतोष राज ने बताया कई बार ग्राम प्रधान और सचिव से सड़क निर्माण के लिए कहा गया है। जर्जर मार्ग होने से स्टाफ को भी आवागमन में परेशानी होती है। मार्ग की खराबी के कारण छात्रों की उपस्थिति भी कम रहती है। विद्यार्थी राम देवी, लक्ष्मी, निशा, हेमलता, अजय, दिव्यांशु, राजकुमार, प्रवेंद्र आदि ने मार्ग पक्का कराने की मांग की है।