एटा। एटा डिपो की बस में संविदा परिचालक की जगह दूसरा व्यक्ति ड्यूटी कर रहा था। चेकिंग दल ने उसे पकड़ लिया। वहां पहुंचे संविदा परिचालक ने चेकिंग दल से अभद्रता की। एआरएम ने उसकी संविदा समाप्त कर दी है।
एआरएम राजेश यादव ने बताया कि 23 जून को एटा डिपो के टीआई ऋषि कुमार दीक्षित व कासगंज डिपो के टीआई सोमप्रकाश पाराशर ने सुबह के समय कस्बा धुमरी में एटा डिपो की बस यूपी 81 एएफ 9145 को चेकिंग के लिए रोका। बस में 51 यात्री मौजूद थे। दो यात्री अलीगंज से एटा बिना टिकट यात्रा करते पाए गए। वहीं बस में परिचालक के स्थान पर फर्जी परिचालक टीम को मिला। उसने दोनों यात्रियों से रुपये ले लिए थे लेकिन टिकट नहीं दी थी।
अधिकारी टिकट मशीन में बिना टिकट यात्री दर्ज कर रहे थे, तभी फर्जी परिचालक बस को लेकर चला गया। लगभग आधा घंटे बाद संविदा परिचालक सुनील पांडेय वहां पहुंचा और दोनों टीआई को गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी देने लगा। दोनों टीआई फर्रुखाबाद डिपो की एक बस में बैठकर जाने लगे। तभी नगला मई के पास परिचालक ने बस को ओवरटेक कर रोक लिया। परिचालक के साथ आए लोगों ने चेकिंग दल से मारपीट करने की कोशिश की। चेकिंग दल की ओर से बागवाला थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। एआरएम ने बताया कि संविदा परिचालक अपने पक्ष में कोई साक्ष्य नहीं दे पाया। ऐसे में उसकी संविदा समाप्त कर दी है।