एटा। इंस्पायर अवार्ड योजना में जिला स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी एवं प्रोजेक्ट प्रतियोगिता में जिले के 192 चयनित छात्र-छात्राएं प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। इसके लिए शिक्षा विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. इंद्रजीत प्रजापति ने सोमवार को बताया कि इंस्पायर अवार्ड योजना के तहत जिला स्तरीय विज्ञान व प्रोजेक्ट प्रतियोगिता जिला पंचायत स्थित जनेश्वर मिश्र सभागार में होगी। इस प्रतियोगिता में कुल 192 चयनित छात्र-छात्राएं प्रतिभाग करेंगे। चयनित बाल वैज्ञानिक अपने हुनर को दिखाते हुए नवाचारी विज्ञान मॉडल व प्रोजेक्ट प्रस्तुत करेंगे।
इस प्रस्तुति के जरिए बाल वैज्ञानिकों को विज्ञान, तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच मिलेगा। उन्होंने बताया कि विज्ञान प्रदर्शनी में भाग लेने वाले छात्र-छात्राओं को सरकार से प्रोत्साहन राशि 10 हजार रुपये की राशि उनके खातों में भेजी जा चुकी है।