एटा के थाना अलीगंज के गांव भरापुरा निवासी करन सिंह परिवार सहित पानीपत में रहकर निजी कंपनी में नौकरी करता है। इकलौते बेटे अभि की मौत के बाद बेटी सुहागिनी का बुरा हाल है। बार-बार छोटे भाई को याद करते हुए कहती है कि अब किसको राखी बांधेगी और किसका तिलक करेगी?
गांव भरापुरा निवासी करन सिंह ने बताया कि वह परिवार के साथ पिछले 5 वर्ष से हरियाणा के पानीपत शहर में रह रहे हैं। पति-पत्नी दोनों ही एक कंपनी में काम करके परिवार का भरण-पोषण करते हैं। रविवार रात की ड्यूटी करके वह आया तो ढाई वर्षीय बेटा अभि घर पर ही खेलते मिला।
ये भी पढ़ें-
UP: टाॅवर पर चढ़ा युवक...प्रेमिका के आने पर नीचे उतरा, घरवालों ने कर दी पिटाई; एक घंटे चला हाई वोल्टेज ड्रामा
पत्नी पूजा ड्यूटी करने चली गई। खाने के लिए चिप्स तलकर बेटे को साथ लेकर बैठ गया। बेटा घर में इधर-उधर घूमने लगा तो मोबाइल में कार्टून दिखाते हुए अपने साथ ही लिटा लिया। बताया कि रात की ड्यूटी करके आने की वजह से उसे नींद आ गई। इतने में बेटा उठकर मोबाइल देखते हुए घर से बाहर निकल गया।
लगभग आधा घंटे बाद जब उसकी आंख खुली और बेटा नहीं दिखा तो उसको ढूंढना शुरू किया। कमरे से लगभग 150 मीटर दूर पत्नी जिस फैक्टरी में काम करती है वहां भी जाकर देखा। लेकिन कोई पता नहीं लगा। इसके बाद सूचना पर पहुंची पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज व अन्य माध्यमों से बेटे की तलाश शुरू की। काफी संख्या में आसपास का पुलिस बल भी मौके पर पहुंचा। जब कहीं पता नहीं चला तो वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।
ये भी पढ़ें-
UP: नाबालिग जोड़े के हो रहे थे फेरे...तभी पहुंच गई पुलिस, शादी की खुशियां हो गईं गायब; घरवालों को दी हिदायत
फैक्टरी मालिक ने आकर फिर से सीसीटीवी कैमरा की फुटेज देखी। उसमें दिख रहा था कि बेटा अंदर तो आया है लेकिन, बाहर नहीं निकला। इसके बाद पुलिस टीम फैक्टरी के अंदर ही बेटे को ढूंढ़ने में जुट गईं। रविवार दोपहर 1.30 बजे से गायब हुआ बेटा रात लगभग 9:30 बजे कंबल के ढेर के नीचे दबा मिला। पुलिस स्थानीय अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सक ने उसको मृत घोषित कर दिया।
सोमवार को पोस्टमार्टम होने के बाद परिजन गांव लेकर आए और उसका अंतिम संस्कार किया गया। इकलौते बेटे की मौत के बाद घर में मातम पसरा हुआ है। मां और बहन का रो-रोकर बुरा हाल है।