कलेक्ट्रेट धरना स्थल पर एसडीएम श्वेता सिंह व सीओ कीर्तिका सिंह को ज्ञापन सौंपते दिव्यांगजन। स्र
एटा। जिला मुख्यालय पर दिव्यांगों की लंबित समस्याओं और अधिकारों के लिए दस दिनों से चल रहा अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन प्रशासन के आश्वासन के बाद सशर्त स्थगित कर दिया गया। स्टेप एवं समर्थ ट्रस्ट फॉर एम्पावरिंग पीपल के बैनर तले 24 जुलाई से चल रहे इस आंदोलन को संगठन ने फिलहाल रोका है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि मांगों पर समयबद्ध कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन फिर शुरू किया जाएगा।
धरना समाप्त करने से पहले संगठन के प्रतिनिधियों ने सीओ सिटी कृतिका सिंह व एसडीएम श्वेता सिंह को ज्ञापन सौंपा। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि जल्द ही दिव्यांगजनों और संबंधित विभागों के अधिकारियों की संयुक्त बैठक में सभी मांगों और समस्याओं पर चर्चा कर समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। संगठन के निदेशक अमित यादव ने कहा कि आंदोलन को समाप्त नहीं किया गया है बल्कि प्रशासन के सकारात्मक रुख और वार्ता के आश्वासन को देखते हुए सशर्त स्थगित किया गया है।
कहा कि यदि निर्धारित समय के भीतर बैठक आयोजित नहीं होती या मांगों के समाधान के लिए ठोस कार्रवाई नहीं की जाती तो संगठन पुनः अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू करने के लिए विवश होगा। रामश्री, राजेश्वरी, पूनमवती, सौरभ, ईश्वर प्रसाद शर्मा, पुजारी जी, विनोद, एनुल हसन, सुनील कुमार, राजकुमार, मुकेश कुमार, संजय कुमार, रेखा देवी, कमलेश, ममता देवी सहित अन्य दिव्यांग साथियों की सक्रिय सहभागिता और संघर्षशील भूमिका की सराहना करते हुए उनका विशेष धन्यवाद ज्ञापित किया।