अभद्रता से आक्रोशित व्यापारियों ने किया बाजार बंद
- फोटो : Amar Ujala
बाबूगंज बाजार में महिला का पर्स चोरी होने की शिकायत पर पहुंची कोबरा पुलिस पहुंची। दुकानदार के साथ सिपाहियों द्वारा की गई अभद्रता से कारोबारी भड़क गए। आक्रोशित व्यापारी बाजार बंद कर सड़क पर आ गए। पुलिस की बाइक की चाबी भी निकाल ली। सूचना पर आए सीओ, एसएचओ ने कार्रवाई का भरोसा दिलाकर बाजार खुलवाया।
जीटी रोड स्थित बाबूगंज बाजार में राहुल जैन की कॉस्मेटिक की दुकान है। देर शाम दुकान पर दो महिलाएं पहुंची थी। वहीं एक महिला का पर्स गायब हो गया। महिलाओं ने दुकानदार पर आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की। कोबरा टीम के दो सिपाही जांच के लिए दुकान पर आए। पूछताछ के दौरान व्यापारी से सिपाहियों की कहासुनी हो गई। आरोप है कि सिपाहियों ने व्यापारी के साथ अभ्रदता की।
वे हाथापाई पर उतारू हो गए। कहासुनी होती देख अन्य व्यापारी जुट गए। बाजार बंद करके कारोबारी सड़क पर आ गए। प्रदर्शन करते हुए पुलिस सिपाहियों की बाइक की चाबी ले ली। इससे करीब घंटेभर तक बाजार में हंगामा होता रहा। रास्ता भी जाम हो गया था। सूचना पर आए सीओ ने जांच और कार्रवाई का भरोसा दिलाकर मामला शांत कराया।
मारपीट, अभद्रता के आरोप गलत हैं। महिला की शिकायत पर पूछताछ करने दो सिपाही गए थे। बाजार बंद नहीं हुए थे। बातचीत करके मामला सुलझा दिया गया है।
माता प्रसाद सलोनिया, सीओ सिटी एटा।