जलेसर। आईजी पियूष मोर्डिया ने कहा कि स्वास्थ्य केंद्र में हुई घटना में नामजद आरोपियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। कड़ी कार्रवाई अमल में लाते हुए इनके मददगारों के विरुद्ध भी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सीएचसी का निरीक्षण कर वहां खड़ी बाहरी लोगों की दो कारों को सीज करा दिया। वहीं पैदल अस्पताल से आरोपी के घर तक भ्रमण किया, इस दौरान दोपहिया वाहन चला रहे नाबालिगों के वाहन थाने में खड़े करा लिए।
उल्लेखनीय है कि तीन दिन पूर्व वीडियो बनाने को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर नामजद आरोपियों ने चिकित्सक के साथ मारपीट कर दी थी, उक्त घटना को शासन ने गंभीरता से लेते हुए आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसी के मद्देनजर गत दिवस देर रात एसएसपी यहां पहुंचे थे। वहीं मंगलवार को प्रात: काल आईजी अलीगढ़ पीयूष मोर्डिया ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया।
स्थलीय निरीक्षण के बाद आईजी ने पत्रकारों को बताया कि उप जिलाधिकारी एसपी वर्मा, क्षेत्राधिकारी रामनिवास और कोतवाली प्रभारी केपी सिंह को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर निरंतर निगरानी की जाए। अस्पताल के अंदर वाहन खड़े करने वालों की गाड़ियों को सीज किया जाए।
उन्होंने पुलिस को निर्देश दिया कि शहर में भीड़ वाले इलाकों में पुलिस फोर्स की तैनाती की जाए। आईजी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ. पवन शर्मा को निर्देशित किया कि केंद्र की साफ सफाई कराई जाए। एसपी क्राइम राहुल सिंह ने बताया कि तीन नामजद आरोपियों को गिरफ्तार करके जेल भेजा जा चुका है। वहीं अन्य आरोपियों की तलाश में निरंतर दबिश दी जा रही है।
आईजी ने किया मतदान स्थलों का निरीक्षण
जलेसर। स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन के लिए तहसील परिसर में मनाए गए मतदान स्थलों का आईजी अलीगढ़ पीयूष मोर्डिया ने निरीक्षण किया। मौजूद अधिकारियों से कहा कि मतदेय स्थलों पर सुरक्षा की दृष्टि से बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात किया गया है। इस दौरान स्नातक क्षेत्र के लिए मतदान की गति धीमी थी, वहीं दूसरी ओर शिक्षक निर्वाचन के लिए मतदान का प्रतिशत अधिक रहा। इस दौरान एसपी क्राइम राहुल सिंह, उप जिलाधिकारी एसपी वर्मा, क्षेत्राधिकारी पुलिस रामनिवास, तहसीलदार राकेश कुमार त्यागी, कोतवाली प्रभारी केपी सिंह, सकरौली थाना प्रभारी सत्यवीर सिंह रहे। संवाद