मंडी समिति स्थित इफ्को केंद्र पर सोमवार को किसानों ने यूरिया को लेकर हंगामा काटा। किसानों का आरोप है कि केंद्र के लोग यूरिया के साथ अन्य समान दे रहे हैं, जिनकी उन्हें जरूरत नहीं है। किसानों ने डीएम से मांग की है कि केंद्र पर मिलने वाले सामान को बंद कराया जाए, वहीं खाद वितरण के समय पुलिस की व्यवस्था की जाए।
यूरिया लेने आए ग्रामीण इंद्रपाल सिंह ने बताया कि केंद्र पर यूरिया के साथ अन्य समान दिया जा रहा है। इससे किसानों को यूरिया की कीमत 333 रुपये से चार सौ रुपये देनी पड़ रही है। लाइन में खड़े किसानों को खाद देने की वजह केंद्र के लोग बीच में आए लोगों को खाद दे देते हैं। इससे अधिकतर किसानों को सुबह से शाम तक लाइन में खड़ा रहना पड़ता है। कभी-कभी तो किसानों को पूरे दिन लाइन में खड़े रहने के बाद भी खाद नहीं मिल पाती है। हंगामा करने वालों में यशवीर, मूल सिंह, सतीश, ओमपाल, दुष्यंत, ललित, दिलीप, अलकेश, दया, श्याम सिंह, बंटी यादव, गुड्डू, तेजवीर आदि किसान शामिल थे।
यूरिया के साथ किसानों को जबरन अन्य समान देने की जांच की जाएगी। वहीं खाद लेने के समय किसानों को कोई परेशानी न हो इसके लिए सभी केंद्रों व सहकारी समितियों को निर्देशित कर दिया है।
विनोद कुमार शर्मा, सहायक निबंधक, कोआपरेटिव।