एटा। थाना जैथरा क्षेत्र के गांव नगला सुंदर में कथा पंडाल में बाइक खड़ी करने को लेकर युवक का विवाद हो गया। मौजूद लोगों ने बीचबचाव कर उसको घर भेज दिया। लेकिन युवक पंडाल में हुए अपमान को सह न सका और घर के कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी।गांव नगला सुंदर में भागवत कथा चल रही है। मंगलवार की रात लगभग 10:30 शैलेंद्र (42) बाइक लेकर वहां आया। वहां मौजूद कुछ युवाओं से बाइक खड़ी करने को लेकर उसकी कहासुनी हो गई। बात बढ़ती देख आसपास खड़े लोगों ने मामला शांत करके शैलेंद्र को घर भेज दिया। कथा पंडाल में सब लोगों के सामने हुए अपमान की वजह से शैलेंद्र काफी आहत हो गया था। घर में आते ही अपने कमरे में जाकर उसने दरवाजा बंद कर लिया।
जब तक परिजन कुछ समझ पाते, अंगौछे का फंदा बनाकर पंखे के हुक में फंसाकर गले में डाल लिया। आवाज सुनकर घर वालों ने कमरे का दरवाजा तोड़ा और उसको फंदे से उतारा। गंभीर हालत में उसको लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने शैलेंद्र को मृत घोषित कर दिया। जिसके बाद घर में चीख-पुकार मच गई। बिना पोस्टमार्टम कराए परिजन शव को ले गए और किसी कानूनी कार्रवाई बिना अंतिम संस्कार कर दिया।