एटा। थाना कोतवाली नगर में मनमोहन सिंह निवासी पीडब्ल्यूडी कॉलोनी जेल रोड ने हॉस्पीटल संचालक डॉ. सुनील कुमार यादव और संजय सिंह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। मनमोहन सिंह ने बताया कि वह न्यू सदाशिव हॉस्पिटल श्रीनगर कॉलोनी माउंट लिटरा ज़ी स्कूल के सामने आगरा रोड पर 7 माह से कम कर रहा है। यहां वह 10 हजार रुपये प्रति माह के हिसाब से रात्रि की ड्यूटी करता है। पिछले तीन माह से वेतन नहीं मिला है, जिसकी वजह से घर की आर्थिक स्थिति खराब हो गई है। बच्चों की पढ़ाई के लिए जब 26 मई को संचालक सुनील कुमार यादव निवासी नगला पीपल जिला फिरोजाबाद से वेतन की मांग की। तो कहा कि अभी स्थिति ठीक नहीं है, मैं आपका हिसाब निकलवाकर जल्द ही वेतन दे दूंगा। 27 मई की देर रात लगभग 3 बजे फोन कर डॉ. सुनील यादव ने मुझे नीचे बुलाया।
वह अपनी कार में चालक संजय सिंह के साथ बैठे हुए थे। मुझसे कहा कि गाड़ी में बैठो कुछ बात करनी है। जब मैं गाड़ी में बैठ गया तो सुनील और चालक संजय सिंह निवासी हिम्मतपुर थाना कोतवाली देहात मेरे साथ बद्तमीजी करने लगे। सुनील यादव ने कहा कि कुछ दिन पहले मेरा लैपटॉप चोरी हो गया है। मैंने कहा मुझे जानकारी नहीं है तो बोले चलो इसको नहर में फेंकेंगे तब यह बताएगा। ऐसा कहकर हजारा नहर झाल गोपालपुर पर पहुंचे और गाड़ी से उतारकर लाठी-डंडों, बेल्ट के साथ ही धारदार हथियार से पीटने लगे।
लैपटॉप चोरी का झूठा इल्जाम लगाते हुए बार-बार नहर में फेंकने की धमकी दे रहे थे। तभी एटा की ओर से कोई चार पहिया वाहन आता दिखा, तो मुझे गाड़ी में बंधक बनाकर गाली गलौज करते हुए पीटा। कहा कि घटना किसी को बताई या पुलिस के पास गया तो तुझे व तेरे परिवार को खत्म कर देंगे। थाना प्रभारी अरुण पंवार ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। जो भी तथ्य निकलकर आएंगे उनके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।