एटा। कोतवाली नगर क्षेत्र में आगरा रोड स्थित देव रेजीडेंसी होटल के सामने खड़ी होटल मालिक की होंडा सिटी कार में बृहस्पतिवार की रात अचानक आग लग गई। जिससे ये धू-धू कर जल गई। कार पास में रखे विद्युत ट्रांसफाॅर्मर के पास ही खड़ी थी। इससे गर्म तेल के छींटे अथवा चिंगारी निकलने से आग लगने की आशंका जताई जा रही है।
प्रभारी अग्निशमन अधिकारी केतन सिंह ने बताया कि होटल स्वामी अभिनव दुबे की कार सड़क पर विद्युत ट्रांसफाॅर्मर के पास खड़ी थी। आशंका है कि ट्रांसफाॅर्मर में से निकले गर्म तेल के छींटें कार के टायर पर पड़े और आग लग गई। सूचना मिलने पर टीम के साथ पहुंचकर आग बुझ़ाई। अभी तक होटल स्वामी की ओर से कोई शिकायत लिखकर नहीं दी गई है।