मिरहची। कोविड टीकाकरण जागरूकता को लेकर स्वास्थ्य विभाग की ओर से शत-प्रतिशत टीकाकरण के होर्डिंग लगाए गए हैं, जो लोगों को मुंह चिढ़ा रहे हैं। दरअसल एक हफ्ते से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर वैक्सीन ही नहीं है और लोगों को बैरंग लौटना पड़ रहा है। मारहरा ब्लॉक के अंतर्गत मिरहची पीएचसी पर ही कोविड टीकाकरण किया जा रहा है। 10 से 20 किमी की दूरी तय कर तमाम लोग टीकाकरण कराने के लिए आते हैं, लेकिन जब वह केंद्र पहुंचते हैं तो पता लगता है कि 10-15 लोगों के लायक ही वैक्सीन उपलब्ध है।
कई लोग बिना वैक्सीन लगवाए लौट जाते हैं। कस्बा के प्रतीक चौधरी, शिवम कुमार, सूरज कुमार, रामनिवास, रामप्रकाश आदि का कहना है कि वह कई दिन से पीएचसी पर आ रहे हैं, लेकिन वैक्सीन न होने पर लौट जाते हैं। उन्होंने मांग रखी कि पीएचसी पर जरूरत के अनुरूप पर्याप्त वैक्सीन उपलब्ध कराई जाए। साथ ही मारहरा सीएचसी पर भी टीकाकरण किया जाए, जिससे लोगों को लंबी दूरी न तय करनी पड़ी।
सांसद ने गोद लिया है स्वास्थ्य केंद्र
बता दें कि मिरहची पीएचसी को हाल ही में एटा सांसद राजवीर सिंह राजू भैया ने गोद लिया है। उन्होंने पीएचसी में मूलभूत सुविधाओं सहित सभी जरूरतें पूरी करने का वादा किया था, लेकिन लोगों को कोविड टीके तक नहीं लग पा रहे हैं।