रोहन लाल चतुर्वेदी इंटर कॉलेज में प्रवेश के समय परीक्षार्थियों की चेकिंग करती शिक्षकाएं।
- फोटो : रोहन लाल चतुर्वेदी इंटर कॉलेज में प्रवेश के समय परीक्षार्थियों की चेकिंग करती शिक्षकाएं।
एटा। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षाएं सोमवार से शुरू हुईं। पहले दिन दोनाें पालियों में हिंदी की परीक्षा थी। सरल पेपर आया तो विद्यार्थियों का डर भाग गया। अब उनकी डगर मुश्किल नहीं है। केंद्रों पर प्रवेश से पहले परीक्षार्थियों की तलाश के साथ ही जूते उतरवाए गए, आधार कार्ड चेक किया गया।
जिले में 92 केंद्रों पर यूपी बोर्ड परीक्षा शुरू हुई। हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के 57691 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। सुबह की पाली में हाईस्कूल का हिंदी विषय का प्रश्नपत्र था। 28547 को परीक्षा देनी थी, लेकिन 26050 उपस्थित और 2497 अनुपस्थित रहे।
द्वितीय पाली में इंटरमीडिएट के परीक्षार्थियों का हिंदी साहित्य का प्रश्नपत्र था। 1:30 बजे से केंद्रों पर प्रवेश की प्रक्रिया शुरू हुई। दो बजे से शुरू हुई परीक्षा शाम 5:15 तक चली। हिंदी साहित्य में पंजीकृत 28460 परीक्षार्थियों में से 26701 ने परीक्षा दी, 1759 अनुपस्थित रहे।
हिंदी की प्रवक्ता राखी देवी ने बताया कि हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के प्रश्नपत्र बीते वर्ष की अपेक्षा सरल थे। जिस विद्यार्थी ने थोड़ा भी पढ़ा होगा, पेपर अच्छा रहा होगा। हिंदी के सहायक अध्यापक निर्देश जैन ने बताया कि हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के प्रश्नपत्र सरल थे। इंटरमीडिएट में जरूर एक प्रश्न घुमावदार था। इसके अलावा बाकी का आसान था।