एटा/जैथरा। जैथरा पीएचसी पर भेजे गए नए एमओआईसी डॉ. राजेश शर्मा के विरोध में कर्मचारी उतर आए। उन्होंने बृहस्पतिवार को स्वास्थ्य सेवाएं ठप कर दीं। उहटाने की मांग को लेकर सीएमओ कार्यालय पहुंचे। प्रदर्शन-नारेबाजी कर धरना दिया। बाद में कलक्ट्रेट पहुंचकर डीएम अंकित अग्रवाल से आदेश बदलवाने की मांग की। इस बीच पीएचसी पर पहुंचने वाले मरीज परेशान रहे।
सीएमओ कार्यालय पहुंचे चिकित्सक और कर्मचारियों ने डॉ. शर्मा को हटाने के लिए नारेबाजी की। सीएमओ डॉ. उमेश त्रिपाठी को ज्ञापन दिया। उनकी बातों से असंतुष्ट होने पर कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए। उन्होंने कहा कि डॉ. शर्मा पहले अलीगंज सीएचसी के अधीक्षक थे। वहां कर्मचारियों को प्रताड़ित करते थे। उनके स्थान पर पुन: डॉ. रविरंजन या अन्य किसी चिकित्सक को एमओआईसी बनाया जाए।
-----------
टीकाकरण भी हुआ ठप
पीएचसी और ब्लॉक क्षेत्र के सभी चिकित्सक, एएनएम, फार्मासिस्ट, स्टाफ नर्स, सीएचओ सहित चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी भी बृहस्पतिवार को जिला मुख्यालय चले आए। इस कारण टीकाकरण भी नहीं किया गया।
------------
बिना इलाज के लौटे मरीज
टीबी की दवा लेने आया था। अस्पताल में न कोई डॉक्टर है और न ही कर्मचारी। अब शुक्रवार को फिर आना पड़ेगा। - राजेश
शरीर में दाने निकल आए है। खुजली रहती है। अस्पताल में कोई डॉक्टर और कर्मचारी नहीं है। न ही कोई जानकारी देने वाला ही है। -नरेंद्र सिंह
-------------
टीकाकरण का कार्य छोड़कर कर्मचारी आए हैं, यह गलत है। बृहस्पतिवार को डॉ. राजेश शर्मा का पीएचसी पर पहला दिन है और कर्मचारी प्रताड़ित करने की बात कह रहे हैं। अगर किसी को शिकायत थी तो दो-तीन कर्मचारी समय लेकर आते। सेवाएं बंद करके आना गलत है।
डॉ. उमेश त्रिपाठी, सीएमओ
कई डॉक्टर और कर्मचारी वर्षों से पीएचसी पर डटे हुए हैं। जो यूनिटी बनाकर इस तरह की हरकत कर रहे हैं। आदेश के बावजूद मुझे कार्यभार भी नहीं सौंपा गया।
- डॉ. राजेश शर्मा, एमओआईसी