कासगंज। जिले में मेडिकल कॉलेज बनाने के लिए तैयारियां जोरों से चल रही हैं। फिलहाल भूमि का चिह्नांकन किया जा रहा है। एडीएम ने देवरी प्रह्लादपुर में मत्स्य पालन विभाग की भूमि का चिह्नांकन कर रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंप दी है। अब डीएम निर्णय लेने के बाद अंतिम मुहर लगाकर पत्रावली शासन को देंगे।
आम बजट में जिले को मेडिकल कॉलेज की सौगात मिलने के बाद प्रदेश सरकार ने जमीन तलाशने के निर्देश जिला प्रशासन को दिए। उत्तर प्रदेश शासन के उपसचिव अनिल कुमार सिंह ने जिला प्रशासन को पत्र भेजकर भूमि चिह्नांकन कर रिपोर्ट मांगी। डीएम ने एडीएम के नेतृत्व में एक टीम बनाई। यह टीम जिला अस्पताल से 10 किलोमीटर के दायरे में भूमि की तलाश कर रही थी।
गांव हिम्मतपुरसईं, फरीदनगर और देवरी प्रह्लादपुर में ग्राम सभा और मत्स्य पालन विभाग की भूमि देखी गई। एडीएम ने देवरी प्रह्लादपुर में मत्स्य पालन विभाग की लगभग 15 एकड़ जमीन को मेडिकल कॉलेज के उपयुक्त बताते हुए रिपोर्ट जिलाधिकारी सीपी सिंह को सौंप दी है। अब डीएम की अंतिम मुहर लगने के बाद रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी। सोमवार को मुख्य सचिव ने वीडियो कांफ्रेंस कर मेडिकल कॉलेज के लिए भूमि से संबंधित जानकारी ली। निर्देश दिए कि जल्द से जल्द भूमि तलाश कर रिपोर्ट दें।
एक नजर-
- 15 एकड़ भूमि में बनेगा मेडिकल कॉलेज।
- 4 मार्च तक शासन ने मांगी है जमीन उपलब्धता की रिपोर्ट।
- 16 जिलों में मेडिकल कॉलेजों के लिए आम बजट में मिली थी स्वीकृति।
सौंपी है रिपोर्ट
देवरी प्रह्लादपुर में मेडिकल कॉलेज के लिए भूमि का चिह्नांकन कर रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंप दी है। संभवत: इसी भूमि का चयन हो सकता है। - अजय श्रीवास्तव, एडीएम।