एटा। शहर के मालगोदाम रोड स्थित मोक्ष धाम (श्मशान स्थल) पर बड़ी लापरवाही बरती जा रही है। कोरोना संक्रमित मृतकों के शव का अंतिम संस्कार करने के बाद लोग पीपीई किट, ग्लब्स आदि वहीं छोड़कर जा रहे हैं। जिससे संक्रमण फैलने का खतरा पैदा हो रहा है।
शनिवार सुबह भी एक संक्रमित के शव का यहां अंतिम संस्कार कराया गया। साथ में आए परिजन संस्कार के बाद अपने ग्लब्स, पीपीई किट आदि सामान को खुले में फेंककर चले गए। इस बीच अन्य लोग भी आए जो यह सामान देखकर आशंकित बने रहे। बाद में जब मोक्ष धाम की व्यवस्थाएं देखने वाले लोग पहुंचे तो इन्हें सावधानी के साथ जलवाया गया।
- हर दिन एक-दो कोरोना संक्रमित के शव मोक्ष धाम पर लाए जाते हैं। इनके लिए निर्देश का बोर्ड भी लगाया गया है। इसके बावजूद लोग पीपीई किट, ग्लब्स आदि सामान खुले में फेंक जाते हैं। - अमित चौहान, अध्यक्ष संस्कार मानव सेवा समिति।
- कोरोना संक्रमित मृतकों के शव का अंतिम संस्कार के लिए प्रोटोकॉल निर्धारित है। जिसमें मेडिकल टीम साथ आती है। किट आदि को वहीं जला देना चाहिए। स्वास्थ्य विभाग से बात करेंगे। - विवेक कुमार मिश्र, एडीएम प्रशासन।