हरियाली तीज की खरीदारी के लिए बाजारों में खासी रौनक रही। सजने संवरने के लिए चूड़ियों और सौंदर्य प्रसाधन की दुकानों पर महिलाओं की भीड़ उमड़ी। बाजार में लहंगा साड़ी, रेशमी साड़ी के साथ-साथ हरा रंग महिलाओं को लुभा रहा है। इसके साथ ही तीज की तैयारियों को लेकर ब्यूटी पार्लरों पर भी भीड़ नजर आ रही है।
हरियाली तीज के नजदीक आते ही बाजार में रौनक बढ़ने लगी है। दुकानदारों ने भी खास हरियाली तीज के लिए कई नए डिजाइन में साड़ी मंगवा रखी हैं। साड़ी विक्रेता नीरज कूकी ने बताया खास हरियाली तीज पर लहंगा साड़ी सबसे अधिक पसंद की जा रही है। लहंगा साड़ी में भी कई तरह की वैरायटी आई है। वेलवेट कपड़े पर एंब्राइडरी और नेट के कपड़े पर एंब्राइडरी वाली लहंगा साड़ी को काफी पसंद किया जा रहा है। इस साड़ी में किनारे पर गोटे का काम है। इसके साथ ही हरे रंग की सबसे ज्यादा मांग की जा रही है। प्रिंट और कैटलाग लहंगा साड़ी भी काफी चलन में है। प्रिंट लहंगा साड़ी दो हजार रुपये तक, नेट वाली लहंगा साड़ी दस हजार रुपये तक और कैट लाग वाली लहंगा साड़ी सात हजार रुपये तक की रेंज में मौजूद है। यह साड़ियां सूरत से मंगाई गई हैं। लहंगा साड़ी के अलावा कैट लाग वाली डिजाइनर साड़ी, रेशम, जरकिन वर्क की साड़ी, नेट पर कढ़ाई वर्क की साड़ी और शिफान पर रेशम वर्क की साड़ियां को भी काफी पसंद किया जा रहा है। इन साड़ियों की कीमत हजार से पांच हजार रुपये तक है।
इसके साथ ही मेंहदी लगवाने के लिए भी बाबूगंज में महिलाएं पहुंच रही हैं। तो ब्यूटी पार्लरों पर विशेष पैकेज शुरू हो गए हैं। एक ब्यूटी पार्लर पर तो फेशियल और मसाज सस्ते रेट पर कराया जा रहा है। चूड़ी विक्रेता राहुल ने बताया हरियाली तीज को ध्यान में रखते हुए कई तरह के डिजाइन में फैंसी चूड़ियां आई हुई हैं। जिसमें जरकिन वर्क की चूड़ियां काफी पसंद की जा रही हैं।