एटा। केंद्र और राज्य सरकार की संयुक्त नीति से गांव हरचंद्रपुर में वृहद अमृत सरोवर का निर्माण कराया जा रहा है। आने वाले समय में इसी अमृत सरोवर से गांव की पहचान होगी। इसको आकर्षण का केंद्र बनाया जा रहा है।
ब्लॉक सकीट क्षेत्र की ग्राम पंचायत हरचंदपुर कलां में 11 हेक्टेयर के करीब तालाब है। इसमें से 8 हेक्टेयर जमीन पर सिंचाई विभाग की ओर से अमृत सरोवर का निर्माण चल रहा है जो करीब 60 फीसदी हो चुका है। चारों ओर बैठने की व्यवस्थाएं होंगी और तालाब में नाव से लोग घूम सकेंगे। आने वाले समय में यह तालाब लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र और पिकनिक स्पॉट बनेगा। जिले के अलावा आसपास के लोग भी यहां घूमने आया करेंगे। यह सरोवर केंद्रीय विद्यालय के पास बनाया गया है। हाईवे के किनारे होने से लोग आसानी से पहुंचकर परिवार सहित आनंद ले सकेंगे।
कम जमीन पर बनाया गया तालाब
प्रधान नीलम के पति सुरजीत सिंह का कहना है कि ग्राम पंचायत में तालाब की 11 हेक्टेयर जमीन है लेकिन ठेकेदार ने 8 हेक्टेयर पर ही निर्माण कराया है। इसकी वजह से जमीन पर कब्जे हो गए हैं। निर्माण कार्य उम्मीदों के अनुसार नहीं हो सका है। जबकि कार्यदायी संस्था ने कार्य योजना की कॉपी तक नहीं दी है। इससे लग रहा है कि कार्य के दौरान गबन किया गया है। खुदाई में निकली मिट्टी बेचने की शिकायत भी की थी। लेकिन कुछ नहीं हुआ।
जिले में पहला अमृत सरोवर है, जो केंद्र व राज्य सरकार की सहभागिता से गुणवत्ता पूर्ण बनाया जा रहा है। यहां पर तमाम सुविधाएं होंगी और लोगों के आकर्षण का केंद्र बनेगा। 60 फीसदी काम हो चुका है। शिकायतों को उच्चाधिकारियों की ओर से देखा जाता है। -बिजेंद्र पाल, अवर अभियंता लघु सिंचाई