एटा। थाना अवागढ़ में एक छात्रा ने बॉबी नाम के युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। बताया कि आरोपी ने 26 मार्च को बाजार से घर जाते समय रोक कर तेजाब डालने की धमकी दी। पहले वह बोर्ड परीक्षा के दौरान परेशान करता था। धमकी की वजह से छात्रा और उसके माता-पिता घर में बंद रहने को मजबूर हैं।
पीड़ित किशोरी ने बताया कि दसवीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा देने जाते समय बॉबी रास्ते में बाइक लगाकर परेशान करते हुए अश्लील हरकतें करता था। जब तक विद्यालय के अंदर नहीं चली जाती थी, बाइक से चक्कर काटता रहता था। उस समय भी आरोपी के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। कार्रवाई न होने की वजह से धमकी देने लगा है।
बताया कि 26 मार्च को बाजार से आते समय घर के बाहर रोककर तेजाब से हमला करने की धमकी दी। आरोपी की हरकतों की वजह से माता-पिता काफी डर गए हैं और वह न तो स्वयं बाहर जाते हैं और न ही मुझे जाने देते हैं। आरोपी की इन्हीं हरकतों के कारण मेरी पढ़ाई में व्यवधान हो रहा है। सीओ जलेसर ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और मामले की गहनता के साथ छानबीन की जा रही है। आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।