जलेसर के मृतक का फाइल फोटो- अमर उजाला
- फोटो : ETAH
जलेसर (एटा)। थाना क्षेत्र के गांव पलोटी में रविवार सुबह एक किशोर का शव पेड़ पर लटका मिला। परिजनों ने गांव के चार लोगों पर हत्या कर शव पेड़ से लटकाने का आरोप लगाया है। फिलहाल परिजनों ने चारों के खिलाफ किशोर को आत्महत्या के लिए प्रेरित करने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने किशोर के शव का पोस्टमार्टम कराया है।
मृतक के भाई सत्यवीर सिंह ने बताया कि उनका भाई विकास (16) शनिवार सुबह जंगल की तरफ गया था। इसके बाद नहीं लौटा। उसे खेतों और रिश्तेदारी में फोन कर ढूंढने का प्रयास किया गया, लेकिन कोई पता नहीं चला। शनिवार रात को गांव के बागों में खोज शुरू की गई, तो एक बाग में पापरी के पेड़ पर विकास का शव लटका मिला। उन्होंने बताया कि गांव में परचून की दुकान पर एक सप्ताह पूर्व चोरी हो गई थी।
जिसमें दुकान स्वामी जयपाल सिंह जाटव द्वारा विकास पर चोरी कराने का आरोप लगाया गया था। उसे जान से मारने की लगातार धमकी दी जा रही थी। आरोप है कि शनिवार सुबह विकास का अपहरण और हत्या कर शव को पेड़ पर लटका दिया गया। फिलहाल इस मामले में परिजनों ने गांव के जयपाल जाटव और उसके भाइयों पर विकास को आत्महत्या के लिए प्रेरित करने की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
आरोपी की दुकान से हुई थी जेवरात और नकदी की चोरी
गत दिवस जयपाल सिंह ने दुकान से जेवरात एवं नकदी चोरी हो जाने का मामला कोतवाली में दर्ज कराया गया। जिसमें शक विकास पुत्र कमल सिंह पर जाहिर किया था। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।