पुलिस कार्यालय में एसएसपी से मिलकर बाहर निकलते मृतक हामिद अली के परिजन। संवाद
एटा। शहर के मोहल्ला मारहरा दरवाजा मोहल्ला में रहने वाले हामिद अली उर्फ पप्पू के परिजन और परिचितों ने मंगलवार को पुलिस कार्यालय पर प्रदर्शन व नारेबाजी की। एसएसपी से मुलाकात कर हत्यारोें को जल्द पकड़कर फांसी देने की मांग की।
सभासद कफील अहमद के भाई हामिद अली उर्फ पप्पू की 8 नवंबर को दो गोलियां मारकर हत्या की गई थी। रेलवे स्टेशन के पास उनका शव पड़ा मिला था। जीआरपी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। घटना को 11 दिन बीत चुके हैं लेकिन अभी तक पुलिस व जीआरपी की टीम हत्यारों को नहीं पकड़ सकी है।
इसी बात से नाराज मृतक के भाई कफील अहमद और अन्य परिजन के साथ ही मुस्लिम समाज के लोग मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित धरना स्थल पर पहुंचे। यहां से नारेबाजी करते हुए एसएसपी के कार्यालय की ओर पहुंचे। पप्पू के हत्यारों को गिरफ्तार करो और फांसी दो के नारे लगाए।
पुलिस कार्यालय में कफील अहमद, सपा नेता जहीर अहमद, शराफत हुसैन और अशरफ हुसैन ने एसएसपी श्याम नारायण सिंह से मुलाकात की। इसी बीच सदर विधायक विपिन वर्मा डेविड और सीओ सदर संजय सिंह भी मौजूद रहे। मुलाकात के बाद कफील अहमद ने बताया कि बातचीत सकारात्मक रही और एसएसपी ने जल्द ही घटना के खुलासे का आश्वासन दिया है। सीओ जीआरपी राजेश दीक्षित ने बताया कि क्राइम टीम की मंगलवार को ही आगरा में बैठक हुई है। इसमें घटना के जल्द खुलासे की रूपरेखा बनाई गई है।