एटा। थाना सकरौली के गांव गहला में फसल में नुकसान होने के बाद किसान बलवीर सिंह की मौत हो गई। परिजन के मुताबिक बलवीर ने फसल के भरोसे चार लाख का बैंक कर्ज लिया था। बड़े बेटे के विवाह की बात भी चल रही थी।
गांव गहला निवासी रोहित ने बताया कि पिता बलवीर के साथ वह खेती में सहयोग करता था। बड़ा भाई संदीप और छोटा भाई दीपू गुरुग्राम में रहकर नौकरी करते हैं। पिता के नाम पर 9 बीघा खेत है। खेत में होने वाली फसल से घर का गुजारा करते थे और इसी के भरोसे चार लाख रुपये का लोन केसीसी (किसान क्रेडिट कार्ड) से लिया था। मकान गिरने के बाद पिता ने कहा था कि फसल अच्छी होगी तो कुछ रुपये केसीसी के खाते में जमा कर देंगे और कुछ रुपयों से मकान बनवा लेंगे। शनिवार को फसल देखने खेत पर पहुंचे तो वहां की स्थिति को देखकर उनको सदमा लग गया और मौत हो गई।
बड़े बेटे संदीप ने बताया कि छोटे भाई दीपू के साथ गुरुग्राम में रहकर निजी कंपनी में नौकरी करते हैं। रोहित गांव में रहकर खेती-बाड़ी में पिता का हाथ बंटाता था। अभी कुछ दिन पहले ही मेरे विवाह का प्रस्ताव आया था। तो पिताजी ने कहा की फसल हो जाने दो उसके बाद विवाह की बात करेंगे।