जनसभा को संबोधित करते भाजपा नेता स्वामी प्रसाद
- फोटो : Amar Ujala
भाजपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि विधानसभा चुनाव के बाद यूपी से गुंडाराज का सफाया होने वाला है। भाजपा की सरकार बनते ही कानून व्यवस्था का राज होगा। सपा-कांग्रेस गठबंधन पर हमला करते हुए कहा कि गुंडागर्दी और घोटालों के सरगना एक साथ विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं। इसका जवाब प्रदेश की जनता इसी विधानसभा चुनाव में देगी। स्वामी प्रसाद मौर्य मंगलवार को अलीगंज में भाजपा प्रत्याशी स्वामी प्रसाद मौर्य के समर्थन में डीएवी इंटर कॉलेज के मैदान पर जनसभा संबोधित करने पहुंचे थे।
भाजपा नेता एवं पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। पांच साल में प्रदेश में ग्यारह सौ हत्याएं हुई। इनमें पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। कानून के रखवाले सुरक्षित नही तो जनता को सुरक्षा क्या देंगे। आजम खां का नाम लिए बिना कहा प्रदेश का सरकार का एक मंत्री मर्यादा भूल बुलंदशहर रेप पर राजनीति होने का शर्मनाक बयान देता है। सपा सरकार में व्यापारियों का सबसे ज्यादा शोषण हुआ है। मौर्य ने जहरीली शराब कांड पर कहा सरकारी आंकड़ों में 32 मौतें है, जबकि हकीकत में ज्यादा लोगों की मौत हुई। सपा की रार पर कहा वो पांच साल के भ्रष्टाचार को छिपाने की नौटंकी थी। स्वामी प्रसाद मौर्य ने केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए घोषणा पत्र के बारे में बताया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व सांसद डाक्टर महादीपक सिंह शाक्य और संचालन लोकपाल शाक्य ने किया। भाजपा जिला अध्यक्ष भाजपा दिनेश वशिष्ठ, जिला उपाध्यक्ष दिनेश चंद्र गुप्ता, पूर्व चेयरमैन प्रदीप कुमार गुप्ता, ब्रजेश गुप्ता, पूर्व चेयरमैन विजेंद्र सिंह चौहान, डाक्टर अशोक रतन शाक्य, रामवीर पांडेय मौजूद रहे।