कोतवाली देहात बिजलीघर में लगे 10 एमवीए के ट्रांसफार्मर के सीटी में आई खराबी से बुधवार को आधे शहर की बिजली आपूर्ति आठ घंटे तक गुल रही। इससे सुबह हजारों शहरी परिवार पानी को भी तरसे। शाम चार बजे सप्लाई बहाल होने पर लोगों ने राहत की सांस ली।
पावर कार्पोरेशन डिस्ट्रीब्यूशन के शहर अभियंता राजीव चतुर्वेदी ने बताया कि कोतवाली देहात बिजली घर में बुधवार की सुबह 10 एमवीए के ट्रांसफार्मर की सीटी खराब हो गई। इससे आगरा रोड, शिकोहाबाद रोड और सिटी-2 फीडर की आपूर्ति आठ घंटे तक बंद रही। शाम चार बजे इसे ठीक किया जा सका। उधर, बिजली गुल होने के कारण बुधवार की सुबह पुरानी बस्ती, अवंती बाई नगर, प्रेमनगर, पड़ाव, सुनहरी नगर, पुरानी चुंगी, गांधी मार्केट, कचहरी रोड, भगीपुर, वनगांव, क्रिश्चियन कंपाउंड, लालपुर, प्रतापनगर, हाथीगेट, घंटाघर, बाबूगंज, अवागढ़ हाउस, सिविल लाइन, आफीसर कालोनी और सिटी-2 फीडर से जुड़ी करीब एक दर्जन कालोनियों में बिजली गुल रही। लोगों को पानी के लिए भटकना पड़ा। घरों के आसपास लगे हैंडपंपों से लोग पानी भर कर लाने को मजबूर रहे।