एटा के थाना कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव पवांस में डीजे पर डांस करने के चक्कर में घराती-बराती भिड़ गए। विवाद बढ़ा तो घरातियों ने पांच बरातियों को लाठी-डंडों व पाइप से पीटकर घायल कर दिया। जान पर खतरा देख बरातियों ने 112 पर कॉल पुलिस को बुलाया। घायलों का मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है। मामला शांत होने के बाद शादी की रस्में निभाई गईं।
गांव कूल्हापुर थाना व जिला हाथरस निवासी सुनील कुमार ने बताया कि बुधवार को एक बरात में आए थे। गांव पवांस में बरात चढ़ने के बाद साथ में आए कुछ युवा पंडाल में लगे डीजे पर डांस करने लगे। इसी बीच गांव के ही कुछ लोग आकर साथ नाचते हुए गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर उन लोगों ने लाठी-डंडे व पाइप से बरातियों को पीटना शुरू कर दिया।
सुनील ने बताया कि इस पिटाई में उसके साथ ही गांव के कुलदीप, पंकज, अजय और विपिन गंभीर रूप से घायल हो गए। बरात के अन्य लोगों व ग्रामीणों ने बमुश्किल झगड़ा बंद कराया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में पहुंचाया।
यहां उपचार चल रहा है। मामला शांत होने के बाद शादी की रस्में कराई गईं। सीओ सिटी अमित कुमार ने बताया कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज करते हुए जांच-पड़ताल की जाएगी। जो भी तथ्य निकलकर सामने आएंगे, उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।