एटा के थाना निधौली कला के ठीक सामने स्थित राष्ट्रीय इंटर कॉलेज परिसर में शनिवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक का शव पेड़ पर फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान पीयूष के रूप में हुई है। पीयूष मूल रूप से जनपद देवरिया का निवासी था। पीयूष अपनी दादी के निधन पर शोक व्यक्त करने निधौली आया हुआ था। उसके चाचा इसी राष्ट्रीय इंटर कॉलेज में चपरासी के पद पर तैनात हैं और वह उन्हीं के पास रुका हुआ था।
परिजनों के अनुसार, दो दिन बाद मृतक की दादी की तेरहवीं का कार्यक्रम प्रस्तावित था। पीयूष लगातार दिल्ली वापस जाने की जिद कर रहा था, लेकिन परिवार के सदस्यों ने कार्यक्रम संपन्न होने तक उसे रुकने के लिए कहा। परिजनों द्वारा घर जाने से मना करने पर वह काफी नाराज था। आशंका जताई जा रही है कि इसी नाराजगी के चलते युवक ने आत्मघाती कदम उठाते हुए सुसाइड कर लिया।
घटना की सूचना मिलते ही निधौली कला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को फंदे से नीचे उतारा और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम (पीएम) हाउस भेज दिया है।