ग्राम पंचायत सदस्य पद के उपचुनाव का नामांकन रविवार को हुआ। हालांकि अव्यवस्थाएं हावी रहीं। देर रात कर्मी सूची तैयार करने में जुटे रहे। नामांकन स्थलों पर सुरक्षा के इंतजाम भी नहीं देखे गए।
जिले में 1559 सदस्य पद पर उपचुनाव होना है। इन पदों पर रविवार को नामांकन दाखिल किए गए। सुबह 10 से शाम चार बजे तक नामांकन दाखिल किए गए। नामांकन प्रक्रिया के बाद भी विकास खंड परिसरों पर सुरक्षा के इंतजाम नजर नहीं आए। नामांकन पत्र खरीदने में भी प्रत्याशियों को दिक्कत हुई। कासगंज विकास खंड कार्यालय पर नामांकन पत्रों की बिक्री रविवार को नहीं की गई, जिससे प्रत्याशी परेशान रहे।
नामांकन जमा करने के बाद इनकी सूची तैयार करने मे कर्मियों को काफी परेशानी हुई। पटियाली-सोरों में नामांकन स्थल पर रोशनी के इंतजाम न होने से कर्मियों ने अंधेरा होने के साथ ही काम बंद कर दिया। जिससे सूची तक तैयार नहीं हो पाई। अन्य विकास क्षेत्रों में कर्मी देर रात तक प्रत्याशियों की वार्ड के हिसाब से सूची तैयार करने में जुटे रहे। कासगंज में 285 वार्ड पर 297 अमांपुर में 291 पदों पर 334 और सहावर में 136 वार्डों पर 146 नामांकन दाखिल किए गए।