एटा। शहर में चोरों के होसले बुलंद हैं, आए दिन चोरी घटनाएं देखने को मिल रहीं हैं। बुधवार को थाना कोतवाली नगर के मेडिकल कॉलेज के भवन के बाहर खड़ी चिकित्सक की कार को ही चोरों ने निशाना बना लिया। कार का शीशा तोड़ उसमें से बैग निकाल ले गए। चिकित्सक ने बताया बैग में नकदी सहित जरूरी कागजात और मोबाइल था।
कोतवाली नगर व सीओ सिटी कार्यालय से चंद कदम की दूरी पर स्थित मेडिकल कॉलेज में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रहीं हैं। पहले जहां चोरों ने नर्सेस हॉस्टल को निशाना बनाया था। वहीं अब दिन दहाड़े चिकित्सक की कार से ही हजारों की चोरी कर ली। कार का शीशा भी तोड़ा गया मगर किसी को कानों कान खबर तक नहीं हुई। डॉ. ईशान जो कि मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में हड्डी रोग विशेषज्ञ हैं। बुधवार को वह ओपीडी करने के बाद 2 बजे के करीब अंदर से बाहर आए तो देखा कार की खिड़की की तरफ का शीशा टूटा है। वहीं कार में रखा बैग गायब है।
चिकित्सक ने बताया नकदी सहित मोबाइल बैग में था। करीब 30 हजार रुपये की चोरी हुई है। इसके अलावा आधार कार्ड, पेन कार्ड व अन्य आवश्यक दस्तावेज रखे हुए थे। चोर सब कुछ चुरा ले गया। चिकित्सक ने थाना कोतवाली नगर में तहरीर दी है। कोतवाली नगर प्रभारी अरुण पंवार ने बताया कि चिकित्सक द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। जल्द ही चोरों को पकड़ लिया जाएगा।