एटा। उत्तर प्रदेश सरकार के फ्लैगशिप आयोजन उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 का चतुर्थ संस्करण 25 से 29 सितंबर तक इंडिया एक्सपो मार्ट एंड सेंटर ग्रेटर नोएडा में आयोजित होगा। इसमें एटा के पीतल के घुंघरू, घंटी-घंटा, चिकोरी उत्पादों के साथ महिला उद्यमिता की झलक देखने को मिलेगी।
ट्रेड शो में जिले से ओडीओपी के तहत पंजीकृत उद्यमी बाल गोविंद बंसल, मैसर्स बालाजी ट्रेडिंग कंपनी, जलेसर अपने उत्पादों का प्रदर्शन करेंगे। जलेसर के जीआई टैग को प्रदर्शित करने के लिए मैसर्स आर्ट मेटल वेयर के मुहम्मद नईम अंसारी भी प्रतिभाग करेंगे। वहीं चिकोरी उत्पादों के प्रदर्शन के लिए मैसर्स चिकोरी एंटरप्राइजेज के जितेंद्र कुमार मित्तल तथा महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए मैसर्स गंगासहाय शाक्य मिनी फ्लोर मिल, अलीगंज की महिला उद्यमी संगीता मौर्य शामिल होंगी।
उपायुक्त उद्योग अर्चना कुमारी ने बताया कि ट्रेड शो का उद्देश्य स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प, उद्योग और उद्यमिता को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ना है। उन्होंने इच्छुक ओडीओपी, निर्यातक, एमएसएमई महिला एवं युवा उद्यमियों से पोर्टल पर पंजीकरण कराने की अपील की।