एटा। माध्यमिक स्तर की जनपदीय कला उत्सव प्रतियोगिता का आयोजन सोमवार को श्री रामबाल भारती इंटर कॉलेज में किया गया। इसमें 60 बच्चों ने प्रतिभाग किया। जीजीआईसी लालगढ़ी का दबदबा रहा।
जनपदीय स्तरीय प्रतियोगिता में लोक नृत्य, गायन, पेंटिंग, शास्त्रीय नृत्य, नाटक, लोकगीत, शास्त्रीय संगीत, चित्रकला, मूर्तिकला, कहानी, निबंध आदि समेत 12 विधाओं में प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। उद्घाटन मुख्य अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. इंद्रजीत प्रजापति ने फीता काटकर किया। इस प्रतियोगिता में सभी राजकीय, माध्यमिक व वित्तविहीन विद्यालयों के छात्रों ने प्रतिभाग किया। लोक नृत्य में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज लालगढ़ी की बालिकाएं प्रथम रहीं। इसमें वंदना, खुशी, सोनम और संध्या शामिल थीं।
वहीं कथक में श्री रामबाल भारती इंटर कॉलेज की रिदिमा, मूर्तिकला में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज लालगढ़ी की कोमल, कहानी वाचन में जीजीआईसी लालगढी की मंजेश ने पहला स्थान प्राप्त किया। इसी तरह जनता इंटर कॉलेज धुमरी की संध्या ने स्थानीय खिलौने बनाने, जीजीआईसी शांति नगर की राखी ने वादन, जीजीआईसी रामनगर की शालू ने शास्त्रीय संगीत, जीजीआईसी जलेसर से दीपाली व तरन्नुम निशा, काजल ने लोकगीत और जनता इंटर कॉलेज धुमरी से रुचि ने चित्रकला में प्रथम स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिता में पहला स्थान हासिल करने वाली छात्राएं मंडल स्तर पर प्रतिभाग करेंगी। इस दौरान श्री रामबाल भारती इंटर कॉलेज के प्रबंधक रामनिवास यादव, प्रधानाचार्य दुर्वेश यादव, जिला समन्वयक गिरिजा शंकर, मधु यादव समेत अन्य स्टाफ मौजूद रहा।