गैस के लिए खाली सिलिंडर लेकर एजेंसी पहुंचे उपभोक्ता। संवाद
एटा। अंतरराष्ट्रीय हालात और युद्ध के चलते एलपीजी की आपूर्ति प्रभावित होने लगी है। सिलिंडर की कीमत में 60 रुपये की बढ़ोतरी हुई है वहीं बुकिंग की अवधि भी बढ़ा दी गई है। कामर्शियल गैस की उपलब्धता के कारण कैटरिंग, खानपान की धकेल वालों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कंपनियों ने सिंगल सिलिंडर कनेक्शन की बुकिंग अवधि 21 दिन से बढ़ाकर 25 दिन कर दी है। वहीं डबल सिलिंडर रखने वाले उपभोक्ताओं के लिए यह अवधि बढ़ा दी गई है।
पिछले तीन दिनों में कामर्शियल गैस की मांग अचानक बढ़ी है, लेकिन आपूर्ति सामान्य नहीं है। एजेंसी संचालकों का कहना है कि पहले जहां बुकिंग के 24 घंटे के भीतर सिलिंडर उपलब्ध हो जाता था अब यह समय बढ़कर 48 से 72 घंटे तक हो गया है।
कैटरिंग संचालक सुनील कुमार ने बताया कि उनकी कमाई का सबसे बड़ा आधार कामर्शियल गैस है। बीते महीने जो सिलिंडर 1862 रुपये में मिलता था वही अब बढ़कर 1962 रुपये का हो गया है। लगातार बढ़ती कीमतों और धीमी डिलीवरी के चलते कार्यक्रमों की लागत बढ़ गई है जिसका सीधा असर ग्राहकों पर पड़ रहा है। वहीं बनगांव निवासी रूबी शर्मा की मानें तो घरेलू गैस सिलिंडर के दाम भी 60 रुपये तक बढ़ गए हैं।