एटा। कोतवाली देहात पुलिस व स्वॉट टीम ने 35 लाख रुपये का 251 किलो गांजा पकड़ा है। नेपाल निवासी एक व्यक्ति सहित दो को गिरफ्तार किया है। ये लोग कैंटर में भरकर गांजा उड़ीसा से दिल्ली ले जा रहे थे।
आगरा रोड स्थित नगला किसी मोड़ पर वाहन चेकिंग के दौरान कैंटर डीएल 1 एम 7813 को रोका गया। इसमें गांजा भरा मिला। चालक ने अपना नाम हबीब आलम निवासी मालदा पश्चिम बंगाल बताया। वहीं परिचालक ने अपना नाम पदम सिंह निवासी नयागांव थाना कसौती जिला नवलपरासी, नेपाल बताया। पूछताछ में बताया कि यह गाड़ी चंदन मुखिया निवासी 284 डी ब्लॉक सकूरपुर जेजे कॉलोनी पीतमपुरा नॉर्थ वेस्ट दिल्ली की है।
29 दिसंबर को नई दिल्ली से कोलकाता ले गए। 31 दिसंबर को वहां से उड़ीसा गए। एक जनवरी को बालेश्वर (उड़ीसा) मेें धर्मवीर मिला। हम तीनों ने मिलकर वहां से माल लोड किया और दिल्ली के लिए निकल लिए। धर्मवीर ने कहा कि वह दिल्ली मिलेगा। यह भी बताया कि गाड़ी मालिक चंदन हम लोगों से गांजे की तस्करी कराकर उसे अच्छे दामों पर दिल्ली में बेचता है।
14 हजार रुपये किलो बेचा जाता है गांजा
आरोपियों ने बताया कि उड़ीसा से दो से ढाई हजार रुपये प्रति किलो के हिसाब से गांजा लोड किया जाता है। जबकि इसे दिल्ली में 12-14 हजार रुपये प्रति किलो के हिसाब से धर्मवीर बेचता है। गाड़ी लोड होने और डिलीवरी के समय अलग-अलग चालक होते हैं।