एटा। थाना मलावन में एक महिला ने पुष्पेंद्र निवासी नगला समदा थाना बागवाला सहित चार लोगों के खिलाफ अदालत के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कराई है। रास्ते में गाड़ी से उतारकर तमंचा दिखा सामूहिक दुष्कर्म करने का आरोप है।
पीड़िता ने बताया कि 28 जनवरी को एक महिला ने उससे मैनपुरी चलने को कहा। बताया कि पति इन आरोपियों के साथ गाड़ी चलाते थे। उनकी एक सड़क हादसे में मौत हो गई थी। उसी का क्लेम दिलाने के बहाने आरोपियों ने गाड़ी में बिठा लिया और ले जाने लगे। रास्ते में मलावन थाना क्षेत्र के गांव सोंहार के पास सुनसान जगह पर कार को रोक लिया। कार रोकने का कारण पूछा तो तमंचा दिखाकर नीचे उतारा और झाड़ियों में ले गए।
वहां पुष्पेंद्र, अमित और उपेंद्र ने सामूहिक दुष्कर्म किया। विरोध करने पर गालियां देते हुए पीटा। इसके बाद कहा कि अगर किसी को घटना के बारे में बताया तो जान से मार देंगे। सीओ सकीट कृतिका सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। घटना की गहनता के साथ छानबीन की जा रही है जो भी तथ्य निकलकर सामने आएंगे, उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।