प्रभारी मंत्री अतुल गर्ग ने शुक्रवार को जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण में खामी मिलने और मरीजों की शिकायत पर सीएमएस और सीएमओ को नसीहत दी। अस्पताल परिसर की नालियां गंदी देख सीएमएस को सफाई कराने के निर्देश दिए। मरीजों ने शिकायतें भी कीं फिर भी निरीक्षण में सब कुछ ओके मिला।
प्रभारी मंत्री अतुल गर्ग, डीएम अमित किशोर, एसएसपी सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज के साथ शुक्रवार ग्यारह बजे जिला अस्पताल में औचक निरीक्षण पर पहुंचे। इमरजेंसी और नेत्र विभाग में सब ठीक मिला। किसी मरीज ने कोई शिकायत नहीं की। इसके बाद जब मंत्री सर्जिकल वार्ड पहुंचे तो मरीजों ने उपचार नहीं होने और ध्यान नहीं देने की शिकायतें कीं। नर्स ने स्टाफ की कमी का रोना रोया। सर्जिकल वार्ड मे जाते वक्त रास्ते में नालियां गंदी दिखी तो मंत्री रुके और सीएमएस और सीएमओ से नाराजगी जताते हुए सफाई कराने के निर्देश दिए।
प्रभारी मंत्री अतुल गर्ग ने सीएमओ डा. आरसी पांडेय से कहा कि आप सपा सरकार और भाजपा सरकार में हो रहे काम का फर्क समझें। इस पर सीएमओ और डीएम ने कहा कि अगली बार आप आएंगे तो कोई कमी दिखाई नहीं देगा। सर्जिकल वार्ड में मरीजों ने कई शिकायतें कीं, लेकिन इसके बाद भी मंत्रीजी को जिला अस्पताल में सब कुछ ओके लगा। मंत्री ने सीएमओ से यह भी कहा कि आपके काम में कोई दखल नहीं देगा। सफाई का ठेका हो चुका है। अस्पताल में सफाई का ख्याल रखें।