एटा। अलग अलग थाना क्षेत्र में हुए सड़क हादसों में चार बाइक सवार घायल हो गए। घायलों को मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में भर्ती कराकर प्राथमिक उपचार दिया गया। वहीं एक की हालत गंभीर होने पर आगरा रेफर किया गया।
रविवार को थाना मिरहची क्षेत्र के गांव बुरहनाबाद निवासी दिपांशु और बलवीर दोपहर बाइक से परिजन को खेत पर खाना देकर घर लौट रहे थे। तभी गांव के ही डीलर की कार ने बाइक में टक्कर मार दी। करीब 50 मीटर तक बाइक कार में फंस गई और घिसटती चली गई। इसमें दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद कार चालक मौके से भाग गया।
आसपास के लोगों ने परिजन को सूचना दी। परिजन उन्हें मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार दिया। इसके अलावा थाना मलावन क्षेत्र के शाहआलमपुर निवासी रविंद्र फूफा गजराज के साथ बाइक से पटियाली जा रहे थे। रास्ते में पीछे से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में भर्ती कराया जहां चिकित्सकों ने गजराज की हालत गंभीर बताते हुए आगरा के लिए रेफर कर दिया।
अनियंत्रित ट्रक नहर में गिरा
मिरहची। एटा-कासगंज रोड पर सिरसा टिप्पू नहर में मंगलवार सुबह करीब पांच बजे अनियंत्रित ट्रक रेलिंग तोड़ता हुआ जा गिरा। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना देते हुए ट्रक के चालक और क्लीनर को कोशिश कर बाहर निकाला। मौके पर पहुंची पुलिस ने चालक को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। कोतवाली नगर क्षेत्र के शीतलपुर निवासी चालक पंकज ने बताया वह मारहरा जा रहा था, अचानक झपकी लगने से ट्रक नहर में जा गिरा। हादसे में ट्रक का अगला हिस्सा और नहर की रेलिंग क्षतिग्रस्त हुई है।
दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में दो युवक घायल
मारहरा। गांव बदनपुर के पास दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में एक बाइक पर सवार विश्वजीत और दिलीप घायल हो गए। नगला मानसिंह निवासी दोनों युवक बाइक से मारहरा जा रहे थे, रास्ते में सामने से आ रही दूसरी बाइक से टकरा गए। दोनों बाइक की जोरदार टक्कर में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें गंभीर हालत में अलीगढ़ रेफर किया गया है।