एटा। सकीट रोड पर चिलासनी गांव के पास पूर्व प्रवक्ता सहित दो लोग लोडर वाहन की चपेट में आ गए। परिजन ने बताया कि प्रतिदिन की तरह ये लोग शनिवार सुबह भी टहलकर घर लौट रहे थे। रास्ते में लोडर वाहन की चपेट में आने से एक शिक्षक की मौत हो गई और दूसरे को गंभीर हालत में आगरा रेफर किया गया है।
कोतवाली नगर क्षेत्र के मोहल्ला सुनहरी नगर निवासी विपिन कुमार ने बताया कि पिता सदानंद (73) प्रवक्ता के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। वह साथी सूर्यकांत मिश्रा के साथ सुबह टहलने के लिए निकले थे। उसी समय कोतवाली देहात क्षेत्र में सकीट मार्ग पर गांव चिलासनी के पास पीछे से आ रहे लोडर वाहन की चपेट में आ गए। इसी वजह से दोनों लोग गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। आसपास के लोगों व राहगीरों ने पुलिस और परिजन को सूचना दी। दोनों घायलों को मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी पहुंचाया। यहां चिकित्सक ने सदानंद को मृत घोषित कर दिया। घायल सूर्यकांत मिश्रा की हालत नाजुक देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद आगरा रेफर किया गया है। जानकारी मिलते ही पुलिस और परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए।
दवा लेने जा रहे युवक की वाहन की चपेट में आकर मौत
एटा। साली की शादी से लौटने के बाद युवक बीमार पशु के लिए दवा लेने निकला। रास्ते में गांव कठौली के पास वाहन की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई।
गांव भलाई पुर थाना बागवाला निवासी अतुल कुमार ने बताया कि भाई आशीष कुमार (32) की भैंस बीमार थी। शनिवार सुबह उसे चिकित्सक को दिखाया। इसके बाद दवा लेने एटा आ रहा था। रास्ते में गांव कठौली के पास उसकी बाइक वाहन की चपेट में आ गई। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना देते हुए मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। यहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। अतुल ने बताया कि भाई शुक्रवार को साली का शादी में शामिल होने गए थे और शनिवार तड़के ही लौटे थे। सूचना मिलते ही पुलिस व परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए।
मृतक सदानंद का फाइल फोटो-