पोस्टमार्टम हाउस पर मौजूद मृतक के परिजन।
- फोटो : पोस्टमार्टम हाउस पर मौजूद मृतक के परिजन।
एटा। फिरोजाबाद के रजावली चौराहे पर बुधवार की सुबह डंपर की चपेट में एक बाइक आ गई। इससे बाइक सवार पूर्व सैनिक गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीर एंबुलेंस की मदद से उन्हें पीएचसी अवागढ़ ले गए। वहां चिकित्सक ने मृत बता दिया। परिजन ने बताया मृतक बहन को छोड़कर गांव वापस आ रहा था।
जलेसर थाना क्षेत्र के गांव सिलामई निवासी राजेश कुमार ने पुलिस को बताया कि 2 फरवरी को मेरे बेटे गौरव का विवाह था। इसमें शामिल होने के लिए सभी रिश्तेदार आए थे। बुधवार की सुबह भाई राकेश कुमार (44) बहन को छोड़ने पचोखरा थाना क्षेत्र के गांव निर्भयगढ़ी गए थे। वहां से लौटते समय रास्ते में रजावली थाना क्षेत्र में चौराहे के पास डंपर की चपेट में आने से पूर्व सैनिक राकेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए।
राहगीरों ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अवागढ़ पहुंचाया, यहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया है। राजेश कुमार ने बताया कि भाई पूर्व सैनिक थे और घर पर रहकर खेती आदि की देखभाल करते थे। भाई की मौत के बाद घर में चीख-पुकार मच गई और परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।