एटा। थाना मारहरा क्षेत्र में बुधवार को एक युवक को कुछ लोगों ने रास्ते में घेरकर पीटा ओर चाकू से हमला कर गंभीर घायल कर दिया। पीड़ित ने 9 लोगों के खिलाफ तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई है।
गांव गदुआ थाना पिलुआ निवासी देवेंद्र उर्फ छोटे ने बताया कि वह बाइक से बुधवार की देर शाम मारहरा कस्बा से अपने गांव लौट रहा था। तभी पचपेड़ा बंबा के पास गांव इटारी निवासी ओमकार सिंह, श्यामकार सिंह, मनोज कुमार, विजयपाल सिंह और हाथरस निवासी वीकेश के अलावा 4 अज्ञात लोगों ने रोक लिया।
गालियां देने लगे, विरोध करने पर पीटना शुरू कर दिया। चाकू से हमला करते हुए शरीर में कई जगह चोट पहुंचाई। गंभीर रूप से घायल करने के बाद मुझे नीचे गिरा दिया और बाइक में आग लगा दी। मेरी चीख पुकार सुनकर उधर से गुजर रहे कुछ राहगीर बचाने आए। यह देखकर जान से मारने की धमकी देते हुए आरोपी भाग गए।
सीओ सदर संजय सिंह ने बताया कि मामला आपसी लेनदेन का है। देवेंद्र के अनुसार किसी काम के लिए ओमकार सिंह ने 6 लाख रुपये उससे उधार लिए थे। तीन दिन पहले जब तकादा किया तो जल्द ही देने का वादा कर दिया था। इसी के चलते बुधवार की देर शाम हमला करने की बात सामने आई है। फिलहाल रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और मामले की गहनता के साथ जांच की जा रही है।