फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

फॉलोअप: पुलिस के समझाने व बालक की पुकार सुन पिघला परिजन का हृदय

Fri, 16 Jan 2026 11:37 PM IST
आगरा ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, एटा
विज्ञापन
गांव नगला धीरज में मृतका के परिजन से मिलकर वार्ता करते जिला प्रोबेशन अ​धिकारी और बाल कल्याण समि
विज्ञापन
एटा। पुलिस के समझाने और बालक की बातों को सुनकर महिला के परिजन का हृदय पिघल गया। परिजन गांव से पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और शव को घर ले आए। शुक्रवार की सुबह महिला के शव का अंतिम संस्कार किया गया।
विज्ञापन

थाना जैथरा क्षेत्र के गांव नगला धीरज में एक दंपती एचआईवी से पीड़ित थे। इनमें से पति की लगभग 1 वर्ष पूर्व मौत हो गई। वहीं महिला बीमारी से जूझ रही थी। कुछ दिन उसका उपचार फर्रुखाबाद में चला। उसके बाद लगभग 5 दिन पूर्व मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। यहां बृहस्पतिवार की सुबह महिला की मौत हो गई। उसके साथ 10 वर्षीय बालक मौजूद था। मां की मौत के बाद वह रो-रोकर बेहाल हो रहा था।
उसने बताया कि गांव में परिवार के लोग उनको अपना नहीं मानते हैं जो हिस्से की जमीन है उस पर कब्जा करने के लिए जान से मारने की धमकी भी देते हैं। इतना ही नहीं बीमारी में भी किसी ने साथ नहीं दिया। बालक की बात सुनकर थाना जैथरा प्रभारी रितेश ठाकुर ने पूर्ण मदद का आश्वासन दिया और गांव में जाकर परिजन से मुलाकात की। उनको समझाया तो वह लोग तैयार हुए और देर शाम मुख्यालय स्थित पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंचे। यहां से पीएम होने के बाद महिला के शव को गांव ले गए और शुक्रवार की सुबह अंतिम संस्कार कर दिया।
विज्ञापन

मां को मुखाग्नि देते ही रोते-रोते बेहोश हो गया बेटा
बृहस्पतिवार को पोस्टमार्टम होने के बाद जब शव गांव नगला धीरज में पहुंचा तो आसपास के लोग व परिवारीजन मौके पर एकत्रित हो गए। इसके बाद रात भर शव गांव में रखा रहा। शुक्रवार की सुबह राजस्व विभाग की टीम पहुंची और शव को काली नदी के किनारे अंतिम संस्कार के लिए पहुंचाया गया। यहां 10 वर्षीय बेटे ने मां के शव को मुखाग्नि दी। इससे पहले अंतिम दर्शन के समय फफक-फफक कर रोने लगा। मुखाग्नि देने के बाद रोते-रोते बेहोश हो गया। बालक की इस स्थिति को देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखों से भी आंसू बहने लगे। जिला प्रशासन के साथ ही समाजसेवी मानवेंद्र सिंह चौहान मनु भी मौके पर पहुंचे। बच्चे को मदद का आश्वासन देते हुए गर्म कपड़े, कंबल व अन्य जरूरी सामग्री प्रदान की।
बाल सेवा योजना से मिलेगी मदद
शुक्रवार को जिला प्रोबेशन अधिकारी अजयपाल सिंह, बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष आनंद पांडेय, चाइल्ड हेल्पलाइन की ज्योति शर्मा गांव में पहुंचीं। मृतका के पुत्र और पुत्री को ढांढ़स बंधाया। बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष ने बताया कि दोनों बच्चों के ताऊ और चाचा से वार्ता की। चाचा ने दोनों को साथ रखने और पढ़ाने का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना का लाभ दिलाते हुए बच्चों को ढाई-ढाई हजार रुपये प्रतिमाह की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें