जलेसर/एटा। सोशल मीडिया पर दोस्ती कर ऊंचे मुनाफे का लालच देकर ठगी की घटना को अंजाम दिया गया। थाना जलेसर क्षेत्र के एक युवक को फेसबुक के जरिए फंसाकर ट्रेडिंग के नाम पर 16.5 लाख रुपये ठग लिए गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना जलेसर क्षेत्र के गांव हसनगढ़ निवासी अनुज कुमार ने दर्ज कराई प्राथमिकी में लिखा है कि कुछ दिन पूर्व फेसबुक पर शीतल खत्री नाम की युवती से उसकी दोस्ती हुई थी। बातचीत के दौरान शीतल ने खुद को ट्रेडिंग का विशेषज्ञ बताते हुए भारी मुनाफे का भरोसा दिलाया। इसके बाद उसने व्हाट्सएप के माध्यम से अपने कथित गुरु बलवीर सिंह से बात कराई।
आरोप है कि बलवीर सिंह ने बाइनेंस एप के जरिए रुपये को डॉलर (यूएसडीटी) में बदलकर निवेश कराने और मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा दिया। इन लोगों की बातों में आकर अनुज ने 31 दिसंबर 2025 से 5 जनवरी 2026 के बीच अपने एक्सिस और एसबीआई बैंक खातों से करीब चार लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद 30 प्रतिशत कमीशन का लालच देकर 6 जनवरी को 4.50 लाख और 8 जनवरी को आठ लाख रुपये अलग-अलग खातों में जमा करवा लिए गए। इस तरह कुल 16.50 लाख रुपये ले लिए गए।
जब पीड़ित ने निवेश की रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने और आठ लाख रुपये जमा कराने का दबाव बनाया। शक होने पर अनुज ने साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत कर आरोपियों के बैंक खाते होल्ड करा दिए। इसके बाद शीतल खत्री ने पीड़ित को लगातार मैसेज भेजकर धमकाना शुरू कर दिया और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। सीओ जलेसर ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि शीतल खत्री और बलवीर सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मोबाइल नंबरों के आधार पर आरोपियों की लोकेशन ट्रेस की जा रही है। जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।