एटा। शहर के मोहल्ला मारहरा दरवाजा निवासी सभासद कफील अहमद के भाई हामिद अली उर्फ पप्पू की हत्या को 22 दिन बीत चुके हैं। 8 नवंबर को गोली मारकर उनकी हत्या की गई थी। अभी तक पुलिस के हाथ हत्यारों तक नहीं पहुंच सके हैं। अलीगढ़ से गुन्नौर तक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
कोतवाली नगर के मोहल्ला मारहरा दरवाजा निवासी हामिद अली उर्फ पप्पू की दो गोली मारकर हत्या की गई। इनका शव रेलवे स्टेशन के गुड्स प्लेटफॉर्म पर पड़ा मिला। घटना के बाद से ही जीआरपी और स्थानीय पुलिस मामले की गहनता के साथ जांच-पड़ताल कर रही है।
वहीं मृतक हामिद के भाई और नगर पालिका सभासद कफील अहमद ने फोन कॉल पर बताया कि एक वर्ष में पप्पू दूर के एक रिश्तेदार के संपर्क में आ गया था। संभल जिले के गुन्नौर निवासी रिश्तेदार के साथ एक वर्ष में लाखों रुपये का लेनदेन हुआ। रिश्तेदार का एक और साथी है जो वहां के प्रापर्टी के मामलों में शामिल रहता था।
पुलिस को सारी जानकारी परिजन की ओर से लिखित में दी गई है। जांच टीमें इस पहलू पर भी गंभीरता से विचार करते हुए छानबीन कर रही हैं। जीआरपी सीओ राजेश दीक्षित ने शनिवार को फोन कॉल के माध्यम से जानकारी देते हुए बताया कि जीआरपी पुलिस के साथ ही कई स्पेशल जांच टीम मामले की विस्तृत छानबीन कर रही हैं। काफी करीब पहुंच चुके हैं और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।