एटा। थाना मिरहची के गांव दतेई स्थित एक चिकोरी प्लांट पर काम करने वाले दो मजदूर रविवार की सुबह कमरे से बाहर अचोतावस्था में पड़े मिले थे। मेडिकल कॉलेज में एक को मृत घोषित कर दिया गया। परिजन ने हत्या का आरोप लगाया। जबकि अन्य लोग छत से गिरने की वजह से मौत होना बता रहे थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी कुछ स्पष्ट नहीं हो सका है। सिर में चोट लगने से मौत बताई गई है। इसके कारण हत्या और हादसे में मौत का मामला उलझ गया है।
गांव मंडनपुर थाना अकराबाद जिला अलीगढ़ निवासी रवेंद्र ने पुलिस को बताया था कि भाई रिषी और चंद्रपाल निवासी जसराना जिला फिरोजाबाद 3 माह से साथ रहकर दतेई स्थित चिकोरी प्लांट पर नौकरी करते थे। रविवार की सुबह दोनों ही कमरे के बाहर अचेतावस्था में पड़े मिले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। यहां चिकित्सक ने 35 वर्षीय रिषी को मृत घोषित कर दिया और चंद्रपाल की हालत को नाजुक देखते हुए अलीगढ़ रेफर कर दिया।
रवेंद्र का आरोप है कि 8 दिन पहले रिषी का किसी बात के कारण प्लांट में ही साथ काम करने वाले दूसरे मजदूर सेे विवाद हो गया था। तब उसने भाई को जान से मारने की धमकी दी थी। पूरा यकीन है कि उसी ने रिषी की हत्या की है। सीओ सदर संजय सिंह ने बताया कि मामले की अब तक की जांच में सामने आया है कि चिकोरी प्लांट और मृतक व अन्य लोग जो यहां काम करते हैं आपस में रिश्तेदार हैं।
घायल व मृतक शनिवार की रात को खाना खाकर छत पर सोए थे। तेज हवा चलने पर नीचे आने के लिए उठे, हो सकता है हवा को झोंका या अंधेरे के चलते पैर फिसलने से दोनों एक साथ नीचे आ गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। सिर में गंभीर चोट लगने से रिषी की मौत हो गई हो। कोई तहरीर नहीं मिली है, मिलती है तो रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जाएगी।